पाकिस्तान के रास्ते नियंत्रण रेखा से घुसपैठ कर रहे 3 आतंकी नौशेरा में ढेर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अपनी नापाक हरकतों से पाकिस्तान सुधरनेवाला नहीं लगता है. जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सोमवार को कुछ आतंकवादियों ने घुसपैठ करने की कोशिश की।हालांकि इन कोशिशों को भारतीय सेना के जवानों ने नाकाम किया और तीन आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान में ट्रेंड किए गए यह आतंकी भारी मात्रा में हथियारों से लैस थे। हालांकि, नियंत्रण रेखा पर 28 मई से ही घुसपैठ रोकने के लिए अभियान जारी है। ऐसे में सेना पहले सतर्क थी। आतंकियों के घुसपैठ की कोशिश करते ही उन्हें मार गिराया। फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच संदिग्ध मूवमेंट देखने पर जवानों ने आतंकियों को ललकारा था, जिसपर दहशतगर्दों ने गोलाबारी की। जवाबी कार्रवाई के दौरान सेना ने यहां पर तीन आतंकियों को मार गिराया। इनके पास पाकिस्तानी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बने हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। राजौरी जिले में एलओसी की संवेदनशीलता को देखते हुए नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में हाई अलर्ट किया गया है। नौशेरा सेक्टर में भारतीय सेना के चॉपर से एलओसी के आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा उत्तरी कश्मीर में भी घुसपैठ की आशंकाओं के मद्देनजर नियंत्रण रेखा पर जवानों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों की ओर से घाटी में लगातार अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही है। बीते दिनों पुलवामा जिले में आईडी से भरी हुई एक सेंट्रो कार बरामद की गई. इस कार में करीब 40 किलो आईडी था, जिसे इंटेलिजेंस के बाद जब्त किया गया। वक्त रहते हुए सुरक्षाबलों ने आईडी को डिफ्यूज़ किया और एक बड़ा आतंकी हमला होने से बच गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बाद में जानकारी दी थी कि हिज्बुल की ओर से इस आतंकी हमले को प्लान किया जा रहा था। ये हमला पूरी तरह से पिछले साल पुलवामा में हुए आतंकी हमले के जैसा ही था।