Breaking News

पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल से हिंसक घटनाओं पर चर्चा की

04 May, 2021 772

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बाद फैली हिंसा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से चर्चा की है. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने आज ट्विटर पर कहा कि पीएम मोदी ने राज्य की व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है. इस बीच राज्य में हुई चुनाव के बाद की हिंसा को लेकर भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. अपनी याचिका में भाजपा के गौरव भाटिया ने पश्चिम बंगाल में हिंसा की सीबीआई जांच की मांग की. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद से राज्य में हिंसा की खबरें सामने आयी हैं. राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो आ रहे हैं जिसमें पश्चिम बंगाल में महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है. हमने कल स्वत: संज्ञान लिया, जिसमें मैंने डीजीपी को एक पत्र लिखा और आज उनसे बात की. इसके लिए मैं एक टीम भेज रही हूं. हम पीड़ितों से मिलने की कोशिश करेंगे. भाजपा नेताओं ने पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद हो रही हिंसा को लेकर पश्चिम बंगाल गेस्ट हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में भाजपा नेता आदेश गुप्ता, मीनाक्षी लेखी, प्रवेश सिंह वर्मा और रमेश बिधूड़ी ने हिस्सा लिया. लेखी ने कहा कि जिस तरह रेप, हत्या, आगजनी हुई है वह मुस्लिम लीग के डायरेक्ट एक्शन डे की याद दिलाता है. ये लोग चंडी पाठ का भी मजाक उड़ाते हैं, क्योंकि असलियत में वे जिहादी ताकतों के साथ हैं. ये लोकतंत्र पर काला धब्बा है. लेफ्ट लिबरल इस पर आवाज तक नहीं निकाल रहे हैं. केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि कल रात से लगातार उत्तर बंगाल के सभी सांसदों के संपर्क में हूं. हत्या, लूट, बलात्कार और आगजनी के समाचार हैं. कार्यकर्ता और कार्यालयों को निशाना बनाया जा रहा है और उनके परिवारों को अपमानित करने की कोशिश की जा रही है. इसके लिए लड़ाई लड़ी जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी का जब निर्देश होगा और वैसे भी हम बंगाल जाएंगे. देश की पूरी पार्टी बंगाल के कार्यकर्ताओं के साथ है. ये अराजकता और हिंसा उनको भी समझ में आनी चाहिए जो लोकतंत्र की दुहाई देते हैं. उनको भी इस बार खड़े होना पड़ेगा सिर्फ आरोप प्रत्यारोप लगाने से काम नहीं चलेगा. भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि हम जिस प्रकार का मंजर बंगाल में देख रहे हैं, उस पर विश्वास नहीं हो रहा है. बंगाल आज जल रहा है. हमारे कार्यकर्ता हर घड़ी हमारे नेताओं को फोन कर रहे हैं और उनकी एक ही गुहार है हमें बचा लो. बंगाल में जो कुछ हो रहा है वो प्रशासन द्वारा प्रायोजित हिंसा है. आज भाजपा बंगाल में मुख्य विपक्षी पार्टी है और हम ये प्रतिज्ञा करते हैं कि हम अपने कार्यकर्ताओं और उन 2.28 करोड़ बंगालियों जिन्होंने हमारी नीति और विचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई उनके साथ खड़े होंगे. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने जीत की हैट्रिक लगाई है. 

अन्य खबरे