पीएम मोदी ने हुड़दंगी सांसदों को बजट से पहले आत्मनिरीक्षण करने का दिया संदेश
संवाददाता/ in24 न्यूज़.
बजट सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि संसद के सत्र के दौरान सदनों में हुड़दंग कर लोकतंत्र का चीरहरण करने वाले सांसदों को अपने व्यवहार को लेकर आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। पीएम मोदी ने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा कि इस नए संसद भवन में जो पहला सत्र हुआ था, उसके आखिर में इस संसद ने एक बहुत ही गरिमापूर्ण फैसला लिया था, और वो फैसला था- नारी शक्ति वंदन अधिनियम। और उसके बाद 26 जनवरी को भी हमने देखा, किस प्रकार से देश ने कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति के सामर्थ्य को, नारी शक्ति के शौर्य को, नारी शक्ति के संकल्प की शक्ति को अनुभव किया। आज बजट सत्र का आरंभ हो रहा है, तब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन और कल वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा अंतरिम बजट एक प्रकार से ये नारी शक्ति के साक्षात्कार का पर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आशा करता हूं कि गत दस वर्ष में जिसको जो रास्ता सूझा, उस प्रकार से संसद में सबने अपना-अपना कार्य किया। लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगा कि जिनका आदतन हुड़दंग करने का स्वभाव बन गया है, जो आदतन लोकतांत्रिक मूल्यों को चीरहरण करते हैं, ऐसे सभी माननीय सांसद आज जब आखिरी सत्र में मिल रहे हैं, तब जरूर आत्मनिरीक्षण करेंगे कि दस साल में उन्होंने जो किया, अपने संसदीय क्षेत्र में भी सौ लोगों को पूछ लें, किसी को याद नहीं होगा, किसी को नाम भी पता नहीं होगा, जिन्होंने इतना हुड़दंग हो-हल्ला किया होगा। लेकिन विरोध का स्वर तीखा क्यों ना हो, आलोचना तीखी से तीखी क्यों ना हो, लेकिन जिसने सदन में उत्तम विचारों से सदन को लाभान्वित किया होगा, उनको बहुत बड़ा वर्ग आज भी याद करता होगा। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि देश नित्य प्रगति की नई-नई ऊंचाइयों को पार करता हुआ आगे बढ़ रहा है, सर्वस्पर्शी विकास हो रहा है, सर्वांगीण विकास हो रहा है, सर्वसमावेशक विकास हो रहा है, ये यात्रा जनता जनार्दन के आशीर्वाद से निरंतर बनी रहेगी। इसी विश्वास के साथ फिर आप सभी को मेरा राम-राम। बता दें कि गुरुवार को संसद में बजट पेश होने वाला है।