बारिश में छत गिरी और चार सदस्यों की गई जान
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बारिश तो हुई, मगर मौत की शक्ल में! पटियाला स्थित शुतराणा इलाके के गांव में बारिश के बाद घर की छत गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार रात शुतराणा के मटौली गांव की है। बारिश के कारण घर की छत गिर गई। उस वक्त परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। पुलिस ने बताया कि मुख्तियार सिंह (40), उनके बेटे वंशदीप सिंह (14) और बेटियों सिमरनजीत कौर (13) और कमलदीप कौर (10) की मलबे में दबने से मौत हो गई। मुख्तियार की पत्नी सुरिंदर कौर को चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्तियार सिंह अपने परिवार के साथ गांव भटोली के एक मकान में रह रहा था कि रात में छत नीचे आ गिरी। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव में मातम फ़ैल गया है।