Breaking News

मणिपुर में महिलाओं से हैवानियत पर बोले पीएम, कहा- मेरा हृदय पीड़ा से भरा, गुनहगार बख्शे नहीं जाएंगे

20 Jul, 2023 3084
संवाददाता/in24न्यूज
 

मणिपुर में कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र सड़क पर घुमाने की घटना का वीडियो सामने आने के बाद देशभर में गुस्सा है. लोग दरिंदगी की सारी हदों को पार कर महिलाओं से दुराचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताया है. पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर की बेटियों के साथ जो हुआ, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा मणिपुर पर मेरा हृदय पीड़ा और क्रोध से भरा है. पीएम ने कहा कि मणिपुर की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मसार करने वाली है. पाप करने वाले, गुनाह करने वाले कितने हैं कौन हैं, वे अपनी जगह पर हैं. लेकिन बेइज्जती पूरे देश की हो रही है. इस घटना के कारण 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार होना पड़ रहा है. पीएम ने कहा, मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वे अपने राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत करें. खासकर हमारी माताओं और बहनों की सुरक्षा के के लिए कठोर से कठोर कदम उठाएं. घटना चाहे राजस्थान की हो, छत्तीसगढ़ की हो या मणिपुर की हो. इस देश में हिंदुस्तान के किसी भी कोने में किसी भी राज्य सरकार में राजनीति से ऊपर उठकर के कानून व्यवस्था महत्व और नारी सम्मान होना चाहिए. पीएम ने कहा कि मैं देशवासियों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि इस घटना के किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा. कानून अपनी पूरी शक्ति से एक के बाद एक कदम उठाएगा. मणिपुर में जो बेटियों के साथ हुआ है, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता.

 

 

मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने का वीडियो हुआ था वायरल
 
बता दें कि मणिपुर में कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र सड़क पर घुमाने का ये वीडियो 4 मई यानी हिंसा शुरू होने के 1 दिन बाद का बताया जा रहा है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तनाव फैल गया है. वीडियो कांगकोपी का बताया जा रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ 2 महिलाओं को निर्वस्त्र कर खेत में घसीट रही है. इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम का दावा है कि महिलाएं कुकी-ज़ो जनजाति की थी, जबकि उनके साथ छेड़छाड़ करने वाली भीड़ मैतेई समुदाय से थी. घटना के एक महीने से अधिक समय बाद 21 जून को एफआईआर दर्ज कराई गई थी. आईपीसी की धारा के तहत धारा 153ए, 398, 427, 436, और शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
 
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
 
मणिपुर में महिलाओं को नग्न कर उनके साथ दरिंदगी करते हुए वायरल हुए वीडियो के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मुख्य आरोपी का नाम खुयरूम हेरादास है. पुलिस ने उसे आज सुबह थॉउबल जिले से गिरफ्तार किया है. हेरादास की उम्र 32 साल है. पुलिस ने उसकी पहचान वायरल हुए वीडियो से की है, जिसमें वह हरी टी-शर्ट पहने हुए दिखाई दे रहा है. मणिपुर पुलिस के मुताबिक, हेरादास ही इस मामले में मुख्य आरोपी है. वायरल हुए इस वीडियो के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं. उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

अन्य खबरे