Breaking News

मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर और तीन जवान घायल

04 Jun, 2022 618

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में हुई मुठभेड़ में एक आतंकी के मारे जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि ये मुठभेड़ रात भर चली. जिसमें हिजबुल मुजाहिदीन का एक स्वयंभू कमांडर मारा गया है. इस मुठभेड़ के दौरान तीन जवान और एक आम नागरिक भी घायल हुआ है. कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने ट्वीट कर कहा कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन का कमांडर एचएम निसार खांडे मारा गया है. वहां एक एके 47 राइफल समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि, ये मुठभेड़ शुक्रवार शाम अनंतनाग के ऋषिपुरा इलाके में शुरू हुई. उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के साथ शुरुआती गोलीबारी में तीन जवान और एक नागरिक घायल हो गया. प्रवक्ता ने कहा कि सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए श्रीनगर में 92 बेस अस्पताल ले जाया गया. जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.बता दें कि कुछ दिन पहले अवंतीपोरा में एक मुठभेड़ के दौरान सेना के जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया था. वहीं कुछ दिन पहले अनंतनाग जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में भी हिजबुल मुजाहिदीन के दो आतंकवादी मारे गए थे. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि अनंतनाग जिले के बिजबेहरा के शितिपुरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं और जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए थे. कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकवादी हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़े थे. इससे पहले शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा बल सीमा पार से मादक पदार्थों, हथियारों की तस्करी तथा आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशों को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए ड्रोन और सुरंग रोधी प्रौद्योगिकियां विकसित करने के लिए लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने पिछले छह महीनों में पाकिस्तान के कुल सात ड्रोन मार गिराए हैं. बता दें कि अभियान अभी भी जारी है.

अन्य खबरे