Breaking News

लड़कियों के इनरवियर चेक करने पर मचे बवाल के बाद फिर मिली नीट एग्जाम कीअनुमति

27 Aug, 2022 403

संवाददाता/in24 न्यूज़.
जब नीट (NEET)  यूजी एग्जाम के दौरान हुई चेकिंग के समय कुछ लड़कियों के इनरवियर चेक करने का मामला सामने आया था तब देशभर में बवाल मच गया था। वहीं अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कहा है कि वह इन स्टूडेंट्स के लिए नीट (NEET) एग्जाम का आयोजन फिर से करेगा। इन लड़कियों का कहना था कि मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम देने से पहले कथित तौर पर तलाशी के दौरान इन्हें इनरवियर उतारने के लिए कहा गया था। एनटीए ने कहा है कि इन लड़कियों को 4 सितंबर को एक बार फिर से एग्जाम देने का मौका दिया जाएगा। इस बारे में कंफर्म करने के लिए एक ईमेल भी भेजा गया है। दरअसल, केरल के कोल्लम जिले में नीट एग्जाम के दौरान चेकिंग के समय लड़कियों के इनरवियर उतारने का मामला सामने आते ही देशभर में इस पर काफी विवाद छिड़ गया था। जुलाई में एक व्यक्ति ने कोट्टारकरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कहा कि उसकी बेटी सहित नीट की महिला उम्मीदवारों को चथमंगलम में एग्जाम सेंटर में एंट्री करने से पहले अपनी ब्रा उतारने के लिए कहा गया था। खबर के मुताबिक, छात्राओं को एग्जाम सेंटर में घुसने से पहले इनरवियर उतारने के लिए मजबूर किया गया, क्योंकि उनके ब्रा के मेटल हुक सुरक्षा के लिए चिंता की वजह बन रहे थे। इस मामले ने काफी तूल पकड़ा और यही वजह रही कि राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, एनटीए (NTA) ने आरोपों की जांच करने और चार हफ्ते में अपनी रिपोर्ट देने के लिए तीन सदस्यीय समिति का भी गठन किया था। बता दें एग्जाम में बैठनेवाली लड़कियों के लिए यह बड़ी राहत है।

अन्य खबरे