सीमा विवाद पर भारत-चीन सैन्य कमांडरों के बीच आज बैठक
संवाददाता/in24 न्यूज़.
चीन और भारत के बीच पिछले कुछ समय से वास्तविक सीमा नियंत्रण रेखा के मुद्दे पर जो विवाद चल रहा था, आज उसी संदर्भ में दोनों देशों के सैन्य कमांडर बैठक कर रहे हैं. पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तनावपूर्ण स्थिति को हल करने के लिए आज भारत और चीन के शीर्ष सैन्य कमांडरों के बीच मीटिंग होने जा रही है. कहा गया है कि 12 दौर की मीटिंग के बाद भी अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है. विवाद हल करने को लेकर होने जा रही इस बैठक पर दुनियाभर की नजरें टिकी हुई हैं. विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शुक्रवार की बैठक के दौरान दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि उनके नेतृत्व द्वारा प्रदान किए गए मार्गदर्शन के अनुसार उन्हें एक दूसरे की संवेदनाओं, चिंताओं और आकांक्षाओं का सम्मान करने के महत्व को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण चर्चा के माध्यम से अपने मतभेदों को हल करना चाहिए और उन्हें विवाद को खत्म करना चाहिए."आज होने जा रही मीटिंग में अधिकारियों के भारतीय प्रतिनिधिमंडल में 10 अन्य अधिकारियों के साथ 14 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह शामिल होंगे जो चीनी समकक्षों के साथ पहले की बैठकों का भी हिस्सा थे. प्रतिनिधिमंडल के चीनी पक्ष का प्रतिनिधित्व मेजर जनरल लिन लियू और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 10 अन्य अधिकारियों द्वारा किया जाएगा, जो भारत के साथ पहले की बातचीत का हिस्सा थे.