Breaking News

कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट को एटीएम बना लिया था, रिमोट से चलाई सरकार : पीएम मोदी

24 Feb, 2023 480

संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) नागालैंड (Nagaland) के दौरे पर हैं। यहां 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव (assembly elections) होने वाले हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागालैंड के दीमापुर (Dimapur) के चुमुकेदिमा (Chumukedima) में सार्वजनिक रैली की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों की पॉलिसी रही है कि वोट पाओ और भूल जाओ। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेस के दिल्ली के नेता नागालैंड की तरफ देखते तक नहीं है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकारों ने अपनी राजनीति में नागालैंड की स्थिरता और समृद्धि को कभी भी महत्व नहीं दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि नागालैंड की सांस्कृतिक विविधता से मैं हमेशा प्रभावित रहा हूं। नागालैंड में विकास और विश्वास की लहर चल रही है। पीएम मोदी ने रैली में कहा कि BJP-NDPP सरकार के लिए इतना समर्थन आज इसलिए है क्योंकि हम नॉर्थ ईस्ट के तेज विकास का संकल्प लेकर दिन-रात काम कर रहे हैं। नागालैंड की जनता से एक राज शेयर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, सरकार का पैसा जनता तक नहीं, बल्कि करप्ट पार्टियों की तिजोरी में पहुंचता था। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने नागालैंड की सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलाया। दिल्ली से लेकर दीमापुर तक इन्होंने परिवारवाद को ही प्राथमिकता दे रखी थी, लेकिन हमारी सरकार ने पूरे नॉर्थ-ईस्ट के लिए दिल्ली की सरकार की सोच को ही बदल दिया है। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को ATM माना हुआ था। वहीं केंद्र सरकार आज नागालैंड के हजारों परिवारों को मुफ्त राशन दे रही है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि हम पूर्वोत्तर के 8 राज्यों को कांग्रेस की तरह ATM नहीं बल्कि हमारे लिए तो ये 'अष्ट लक्ष्मी' हैं। पीएम मोदी ने कहा कि नागालैंड के लिए हमारा मंत्र शांति, प्रगति और समृद्धि रहा है। इसलिए लोग BJP-NDPP पर भरोसा करते हैं। पिछले कुछ साल में कई युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। पिछले 9 साल में नागालैंड में हिंसा की घटनाओं में लगभग 75 फीसद की कमी आई है। बता दें कि नागालैंड विधानसभा की 60 सीटें हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी को एक सीट पर निर्विरोध जीत हासिल हुई है। ऐसे में नागालैंड राज्‍य में 27 फरवरी को 59 सीटों के लिए वोटिंग होगी। नगालैंड में कुल 13.09 लाख मतदाता हैं। नागालैंड विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 12 मार्च को समाप्त होगा और उस अवधि से पहले नई विधानसभा का गठन किया जाना है। नागालैंड विधानसभा की मतगणना दो मार्च को होगी। नागालैंड में एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन चुनाव लड़ रहा है। बता दें कि आगामी दो मार्च को नागालैंड के भविष्य का फैसला सामने आ जाएगा।

अन्य खबरे