117 सीटों पर पंजाब में शांतिपूर्ण मतदान
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज पंजाब की 117 सदस्यों वाली विधान सभा के लिए सुबह से वोटिंग जारी है। सुबह 11 बजे तक राज्य में कुल 17.77 फीसदी मतदान की खबर है। दिन चढ़ने के साथ ही मतदान में तेजी आई है। पहले सुबह 9 बजे तक वहां करीब 5 फीसदी ही वोटिंग हुई थी। मतदाता शाम 6 बजे तक वोट कर सकेंगे। वहीं अभी तक बात की जाए तो मुक्तसर में सबसे ज्यादा 23.34 फीसदी वोट पड़े हैं, जबकि पठानकोट में सबसे कम 12.44 फीसदी मतदान हुआ है। राज्य के 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता आज सभी 117 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1304 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने राज्यवासियों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया है कि जैसा कि आज पंजाब में मतदान होने जा रहा है, प्रगतिशील बदलाव के लिए अपना बहुमूल्य वोट देकर अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करें। साथ ही, अपने परिवार और दोस्तों से बाहर निकलने और वोट करने का आग्रह करें क्योंकि हर एक वोट मायने रखता है। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, उनके बेटे शिअद प्रधान सुखबीर बादल और सांसद बहू हरसिमरत कौर बादल लंबी में मतदान किया। डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने डेरा बाबा नानक के मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने अपने पैतृक गांव बादल में सुबह ही मतदान किया। लंबी से अकाली उम्मीदवार और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि हम पिछली तीन पीढ़ियों से एक ही स्थान पर मजबूती से खड़े हैं। जबकि कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे कई अन्य लोग चुनाव टिकट न मिलने पर अन्य पार्टियों में चले गए हैं। बता दें कि 20 मार्च को अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी कि किसके नाम से होगी अगली सरकार।