50 लाख राष्ट्रीय ध्वज बनाने में दिन रात जुटे 2000 कारीगर
04 Aug, 2023
2621
संवाददाता/in24 न्यूज़।
इस साल भी पूरा भारत वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम से मनाएगा। पिछले साल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में स्वतंत्रता दिवस मनाने की घोषणा की थी जिसके बाद देश के हर घर में तिरंगा फहराया गया था. गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गुजरात के सूरत शहर ने 10 करोड़ तिरंगे बनाकर रिकॉर्ड कायम किया था. इस तिरंगे को देशभर के घरों पर फहराया गया, तो इस साल भी सूरत स्वतंत्रता दिवस पर नया रिकॉर्ड बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है. इस साल भी सूरत के एक बड़े व्यापारी को तिरंगे का सबसे बड़ा ऑर्डर मिला है.सूरत के पांडेसरा में एक मिल के व्यापारी को 50 लाख तिरंगे बनाने का ऑर्डर मिला है, तो इस साल भी देश के हर कोने - कोने में और लोगों के घरों पर सूरत का तिरंगा फहराया जाएगा। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि सूरत के लक्ष्मीपति मिल मालिक को देशभर से एक साथ 50 लाख तिरंगा बनाने का ऑर्डर मिला है। बेहद कम समय में एक साथ 50 लाख तिरंगे बनाने का यह ऑर्डर अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर माना जा रहा है। जिसके लिए व्यापारी ने अभी से सारी तैयारियां शुरू कर दी है। कपड़ा व्यापारी संजय सरावगी ने कहा कि 50 लाख तिरंगे बनाने में 35 लाख मीटर कपड़े का इस्तेमाल होगा। एक तिरंगे की कीमत 25 रुपये है। इस तरह 12 करोड़ 50 लाख रुपए में 50 लाख तिरंगे तैयार किए जाएंगे। 15 अगस्त आने में सिर्फ 15 दिन बचे हैं। दिन- रात मेहनत करके ये कंपनी 50 लाख तिरंगों के ऑर्डर को पूरा करने में जुट गई है। 10 अगस्त से पहले 50 लाख तिरंगे बनाकर व्यापारियों तक पहुंचेंगे और फिर ये तिरंगे देश के अलग-अलग राज्यों के शहरों में लोगों के घरों में एक बार फिर लहराए जायेंगे।