धमकी के बाद सलमान के घर पहुंची पुलिस की टीम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बॉलीवुड के दबंग सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस एक्शन में आ गई है. आज मुंबई पुलिस की एक टीम सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंची है. बता दें कि कल सलमान खान को गैंगस्टर्स की तरफ से धमकी मिली थी कि उनको भी सिद्धू मूसेवाला की तरह मार दिया जाएगा. सलमान खान और उनके पिता सलीम खान के नाम से अज्ञात शख्स ने लेटर भेजा था. यह लेटर रविवार को बांद्रा के बैंड स्टैंड प्रोमेनाड में मिला था. लेटर सलीम खान के गार्ड को उस जगह मिला था जहां सलीम अपनी मॉर्निंग वॉक के बाद जाकर बैठते हैं. धमकी भरे पत्र में लिखा था - सलीम खान, सलमान खान बहुत जल्द तुम्हारा हाल सिद्धू मूसेवाला जैसा होगा. इस मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी. पुलिस ने आईपीसी के सेक्शन 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया था. फिलहाल सलमान की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है.