सुशांत की फ्रेंड रिया चक्रवर्ती को जान से मारने की धमकी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को जान से मरने की धमकी मिली है. बता दें कि दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से उनकी कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को जान से मारने और रेप की धमकी मिल रही है। उन्हें यह धमकियां सोशल मीडिया पर मिल रही हैं। इस धमकी के मिलने के बाद रिया ने इस मामले में साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। रिया ने इस बात की जानकारी अपने सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम के जरिए दी है। उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए पोस्ट में एक कमेंट को दिखाया है, जिसमें उन्हें रेप और जान से मारने की धमकी दी गई है। इंस्टा पर अपनी पोस्ट में रिया ने कैप्शन भी दिया है। उन्होंने लिखा है कि मुझ पर तमाम तरह के आरोप लगाए गए, मैं चुप रही. मुझे कातिल कहा गया, मैं चुप रही. मैं शर्म में चुप रही. उन्होंने धमकी देने वाले शख्स मन्नू राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि लेकिन मेरी चुप्पी आपको यह बताने का अधिकार कैसे देती है कि अगर मैं आत्महत्या नहीं करूंगी तो मेरा रेप और मर्डर कर दिया जाएगा। क्या आपने जो कहा है उसकी गंभीरता का आपको एहसास है? ये अपराध है। मैं फिर कहती हूं कि कोई भी इस तरह के विषाक्तता और उत्पीड़न के अधीन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं साइबर क्राइम सेल से मदद मांगते हुए इस मामले पर जरूरी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा है कि अब बहुत हो गया है। बता दें कि रिया सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद से ही सुर्ख़ियों में हैं.