अखिलेश यादव भी कोरोना की चपेट में आए
संवाददाता/in24 न्यूज़.
नेता हो या अभिनेता कोरोना सबके लिए समान ख़तरा बनकर आया है. बढ़ते कोरोना वायरस के बीच अब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है. उसके बाद अखिलेश यादव ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है. पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बुधवार सुबह एक ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट में लिखा, अभी-अभी मेरी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है. मैंने अपने आपको सबसे अलग कर लिया है व घर पर ही उपचार शुरू हो गया है. पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आये हैं, उन सबसे विनम्र आग्रह है कि वो भी जांच करा लें. उन सभी से कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहने की विनती भी है. बता दें कि हाल ही में अखिलेश यादव उत्तराखंड के हरिद्वार में चल रहे कुंभ का दौरा किया था, यहां पर उन्होंने अपने समर्थकों और कई साधु-संतों से मुलाकात भी की थी. इसके साथ ही हरिद्वार में ही अखिलेश यादव ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि महाराज से मुलाकात की थी, बता दें कि नरेंद्र गिरि भी खुद कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. अब दो दिन बाद अखिलेश यादव भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं. हालांकि, बाद में ये भी सामने आया था कि अखिलेश नरेंद्र गिरि महाराज से सुबह मिले थे और वो शाम को पॉजिटिव पाए गए थे. गौरतलब है कि महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश में इनदिनों कोरोना बेकाबू होता दिख रहा है. मंगलवार को राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ की ऑफिस के कई अधिकारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.उसके बाद सीएम योगी ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है. बता दें कि दिन ही प्रदेश में 18 हज़ार के करीब कोरोना मामले सामने आए थे, जो अबतक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. वहीं अगर राजधानी लखनऊ की ही बात करें तो यहां मंगलवार को करीब 5000 से अधिक मामले सामने आए थे. इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि आनेवाले समय में लखनऊ में भी लॉकडाउन लगाने की तैयारी शुरू हो सकती है.