Breaking News

अब कैप्टन अमरिंदर सिंह होंगे बीजेपी में शामिल

16 Sep, 2022 560

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
भारतीय जनता पार्टी (BJP) में अलग-अलग राजनीतिक दलों से नेताओं का जाना जारी है। अब इसी कड़ी में एक बड़ा नाम भी शामिल होने जा रहा है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह (Capt Amarinder Singh) 19 सितंबर को बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। वह अपने बेटे रण इंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर और नाती निर्वाण सिंह के साथ बीजेपी का हाथ थामने जा रहे हैं। उनकी पार्टी का आधिकारिक रूप से विलय बीजेपी में 19 सितंबर को हो जाएगा। जानकारी के अनुसार पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बताया गया है कि कैप्टन अमरिंदर के साथ पंजाब के करीब 6 से 7 पूर्व विधायक भी बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह के तमाम करीबियों और पुराने सहयोगियों को उनकी बेटी और आजकल कैप्टन का पूरा राजनीतिक काम संभाल रही जय इंदर कौर ने 19 सितंबर को दिल्ली पहुंचने के लिए बोला है। बता दें कि कांग्रेस से सबसे ज्यादा नेता अबतक बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।

अन्य खबरे