Breaking News

असम के चाय बागान में पहुंचीं प्रियंका गांधी

02 Mar, 2021 1762

संवाददाता/in24 न्यूज़.
चुनाव करीब आते ही राजनीतिक नेताओं की सक्रियता बढ़ जाती है. असम में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी इन दिनों असम के दौरे पर हैं. प्रियंका गांधी के असम दौरे का आज दूसरा दिन है. यहां वह चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं. असम के दौरे में प्रियंका चाय बगानों में भी पहुंचीं. यहां उन्होंने चाय के बगानों में काम कर रहे लोगों से मुलाकात की. इस दौरान वह स्वयं पौधों से चाय की पत्तियां तोड़ती हुई दिखाई दीं. चाय की पत्तियां तोड़ने के दौरान प्रियंका गांधी ने बांस की टोकरी भी ली हुई है. गौरतलब है कि असम में चाय बागान के मजदूरों का बड़ा मुद्दा रहता है, ऐसे में प्रियंका गांधी इन लोगों के बीच पहुंची हुई हैं. आज असम के तेजपुर में प्रियंका गांधी वाड्रा की बड़ी जनसभा भी होने वाली है. प्रियंका गांधी एक दिन पहले ही असम पहुंची हैं. उन्होंने यहांं सबसे पहले कामाख्या देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके साथ ही उन्होंने असम में कांग्रेस पार्टी के चुनावी कैंपेन का आगाज भी किया. असम में प्रियंका गांधी का अलग ही अंदाज देखने को मिल रहा है. उन्होंने एक दिन पहले आदिवासियों के साथ ट्राइबल डांस भी किया. गौरतलब है कि असम में इस बार तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे. पहले चरण का मतदान 27 मार्च को, दूसरे चरण का मतदान 1 अप्रैल को और तीसरे चरण का मतदान 06 अप्रैल को होगा. चुनाव की मतगणना दो मई को होगी. असम विधानसभा का कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा है. प्रियंका के चुनाव प्रचार से कांग्रेस को कितना फायदा होता है यह चुनाव परिणाम में स्पष्ट हो जाएगा.

अन्य खबरे