अस्वस्थ मुलायम हुए अस्पताल में भर्ती
संवाददाता/in24 न्यूज़.
80 साल की उम्र में अमूमन कई तरह की बीमारियां शरीर को परेशान करती हैं. समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव को पेट और पेशाब संबंधी दिक्कतों की वजह से लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने गुरुवार को बताया कि मुलायम बुधवार रात को सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल गए थे, जहां डॉक्टरों ने उनके पेट और पेशाब संबंधी परेशानियों के मद्देनजर उन्हें अपनी निगरानी में रखने के लिए भर्ती कर लिया। चौधरी ने बताया कि पूर्व रक्षामंत्री की हालत अब स्थिर है और वे बेहतर महसूस कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने पिता का हाल लेने के लिए गुरुवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे।अखिलेश के अलावा मुलायम के भाई पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव तथा अन्य परिजन भी उनका हालचाल लेने के लिए अस्पताल गए।