आज शपथ नहीं लेंगे अजित पवार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
एनसीपी नेता अजित पवार और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण आज शाम उद्धव ठाकरे के सीएम पद की शपथ के दौरान शपथ ग्रहण नहीं करेंगे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में महा अघाड़ी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे आज शाम 6.40 बजे मुंबई के शिवाजी मैदान पर सीएम पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह से एनसीपी नेता अजित पवार का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि वे आज मंत्री पद की शपथ नहीं लेंगे. वहीं, शिवसेना-एनसीपी और कांग्रेस थोड़ी देर में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूनतम साझा कार्यक्रम का ऐलान होगा. सूत्रों का कहना है कि प्रेसवार्ता में मंत्रियों के नाम की भी घोषणा हो सकती है. राकांपा नेता अजित पवार ने कहा कि मैं आज शपथ नहीं ले रहा हूं. तीनों दलों (शिवसेना, राकांपा, कांग्रेस) से आज दो-दो नेता शपथ लेंगे. उपमुख्यमंत्री पर फैसला पार्टी को लेना है. उन्होंने आगे कहा कि मैं नहीं चाहता हूं कि परिवार टूटे. शरद पवार फैसला लेने में पूरी तरह सक्षम हैं. वहीं, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य के कैबिनेट मंत्रियों की घोषणा की जाएगी. आज तीनों दलों से 2-2 यानी 6 नेता शपथ लेंगे. इस बीच एक और बड़ी खबर आ रही है कि अशोक चव्हाण शपथ नहीं लेंगे. कांग्रेस की ओर से जो दो मंत्री शपथ लेने वाले हैं, उनमें बड़ा बदलाव हुआ है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण अब मंत्री पद की शपथ नहीं लेंगे, बल्कि उनकी जगह नितिन राउत शपथ लेंगे. बता दें कि वह दलित नेता हैं और पूर्व में मंत्री भी रह चुके हैं. कांग्रेस की ओर से अब बालासाहेब थोराट, नितिन राउत शपथ लेंगे.