Breaking News

आम आदमी पार्टी और भाजपा में कोई फर्क नहीं है : ओवैसी

10 Sep, 2022 610

संवाददाता/in24 न्यूज़.
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गुजरात पहुंचे ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि वह देश में कमजोर प्रधानमंत्री और खिचड़ी सरकार चाहते हैं। ओवैसी ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि देश को कमजोर प्रधानमंत्री और खिचड़ी सरकार की जरूरत है। उन्होंने इस दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा को एक जैसा बताया। ओवैसी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चीन हमारी जमीन पर बैठा है तो प्रधानमंत्री जवाब नहीं देते। जब पूछते हैं कि उद्योगपतियों का क्यों कर्ज माफ कर दिया गया तो वह कहते हैं कि सिस्टम मुझे काम नहीं करने देता। 300 से ज्यादा उनके पास सांसद हैं। पंडित नेहरू के बाद यदि कोई पावरफुल पीएम है दूसरी बार तो, उसके बाद भी वह सिस्टम की बात करते हैं। इसलिए मेरा मानना है कि देश में कमजोर प्रधानमंत्री की जरूरत है। ताकतवर तो देख लिए, अब कमजोर चाहिए, ताकि वह कमजोरों की मदद कर सके। ताकतवर ताकतवर की मदद कर रहा है। वह कमजोर को तो देख ही नहीं रहा। मैं चाहता हूं देश में खिचड़ी सरकार बने क्योकिं गुजरात, हैदराबाद और उत्तर प्रदेश की खिचड़ी मुख़्तलिफ़ होती है।'' 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर नीतीश की दावेदारी पर भी ओवैसी ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि यदि चेहरों से मुकाबला करें, नरेंद्र मोदी का तो बीजेपी को फायदा हो सकता है। इसकी बजाय जितनी भी लोकसभा की सीटें हैं उन पर हम सबको बीजेपी से मुकाबला करने की जरूरत है। ओवैसी ने यह भी कहा कि 2022 गुजरात दंगों के दौरान नीतीश कुमार बीजेपी के साथ थे। अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी को लेकर किए गए एक सवाल के जवाब में ओवैसी ने कहा कि आम आदमी पार्टी और भाजपा में कोई फर्क नहीं है। चुनाव के वक्त ये सब होता है। जनता होशियार है। ये लोग वादे कर रहे हैं पर जनता अपना फैसला सुनाएगी।

अन्य खबरे