उमा भारती का भी चुनावी टिकट कटा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारतीय जनता पार्टी में अनेक वरिष्ठ नेताओं का टिकट लगातार कटता जा रहा है. इसी कड़ी में अब उमा भारती का टिकट भी कट चूका है. यानी अब चुनावी मैदान में उमा भारती की हुंकार भरते नहीं देखा जा सकेगा. गौरतलब है कि भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नाम की 18 वीं सूची जारी कर दी है. जिसमें पार्टी ने मौजूदा 10 सांसदों के नाम शामिल नहीं है. इस सूची में बीजेपी ने 7राज्यों के 24 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है. इस सूची में बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री उमा भारती के अलावा रांची से पांच बार सांसद रहे राम टहल चौधरी सहित 10 मौजूदा सांसदों के टिकट काट दिए हैं. इस सूची में बीजेपी ने यूपी और राजस्थान के 4-4, मध्य प्रदेश और झारखंड के 3-3, हरियाणा से 8, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से एक-एक उम्मीदवारों का नाम शामिल किया है. बता दें कि मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री उमा भारती पहले ही कह चुकी हैं कि इस बार वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी. बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में उमा भारती को झांसी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया था. जहां से इस बार बैद्यनाथ ग्रुप के मालिक अनुराग शर्मा को टिकट दिया है. उमा भारती के अलावा बीजेपी ने यूपी के ही बांदा से सांसद भैरों प्रसाद मिश्र को भी टिकट नहीं दिया है. इस बार बीजेपी ने आर.के. सिंह पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है. बीजेपी लालगंज सीट से नीलम सोनकर को अपना प्रत्याशी बनाया है. वहीं फूलपुर से उपचुनाव हारने वाली केशरी देवी पटेल को एक बार फिर से टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा है.