कांग्रेस पर मनसे का सर्जिकल स्ट्राइक !
सौम्य सिंह/in24 न्यूज़
मनसे और कांग्रेस के बीच उत्तर भारतीयों के मुद्दे पर खिंचतान बदस्तूर जारी है। आपको बता दें कि मनसे कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कांग्रेस के मुख्यालय में तोड़फोड़ की जिसे मनसे ने इसे सर्जिकल स्ट्राइक करार दिया।
मनसे सचिव संदीप देशपांडे ने इस कार्रवाई पर अपनी पीठ थपथपाते हुए ट्वीट किया कि ,"मनसे ने भैया संजय निरुपम के कार्यालय पर सर्जिकल स्ट्राइक की हैं ,और ईंट का जवाब पत्थर से दिया "। संदीप देशपांडे के इस विवादित ट्वीट के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस की ओर से संजय निरुपम ने मनसे की इस कार्रवाई को मनसे की नपुंसकता और कायराना हरकत करार दिया।
कांग्रेस और मनसे की बीच इन दिनों उत्तर भारतीय और प्रवासियों के मुद्दे पर ख़ासा गहमागहमी देखने को मिल रही हैं। हाल ही में दोनों कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई भी हुई थी जिसमे दोनों पार्टी के कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल भी हुए थे।
उत्तर भारतीय समाज शुरू से ही राज ठाकरे के निशाने पर रहें लेकिन जबसे कांग्रेस ने उत्तर भारतीयों को समर्थन देना शुरू किया तबसे राज ठाकरे के निशाने पर कांग्रेस आ गई। इस गहमागहमी के बीच अगर कोई पीड़ित है तो वह है उत्तर भारतीय और फेरीवालें, क्योंकि सियासत के रसूखदार अपनी राजनीति चमकाने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाते हैं।