केजरीवाल ने अस्पताल में की सत्येंद्र जैन से मुलाक़ात
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने रविवार को अस्पताल में भर्ती आप नेता सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) से मुलाकात की। यहां केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन को गले लगाया। उन्होंने जैन से मुलाकात की तस्वीर अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की है। केजरीवाल ने तस्वीरों के साथ कैप्शन लिखा- बहादुर से आदमी मिला… हीरो। आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन का दिल्ली के लोक नायक अस्पताल में इलाज चल रहा है। 25 मई की सुबह आप नेता सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल के वॉशरूम में फिसलकर गिर पड़े थे। उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोपहर करीब 12 बजे उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में शिफ्ट कर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। इससे पहले 22 मई को उन्हें दिल्ली के ही सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। तब उन्हें रीढ़ में परेशानी आई थी। 20 मई को भी वो इसी परेशानी के चलते दीन दयाल अस्पताल लाए गए थे।