कोरोना वैक्सीन पर पहले ना-ना के बाद अब अखिलेश की हां-हां
संवाददाता/in24 न्यूज़
भारत में कोरोना जैसी महामारी के बीच भी सियासत जमकर हुई और अभी जारी है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कुछ दिनों पहले कहा था कि वह भारतीय जनता पार्टी की कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाएंगे, हालांकि अब उन्होंने उस बात से यू-टर्न ले लिया है. दरअसल, एक दिन पहले केंद्र ने 18 से 44 साल की उम्र के लोगों को मुफ्त कोरोना टीकाकरण का ऐलान किया है. इसके बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कोरोना का टीका लगवाने की बात कही. अखिलेश यादव ने लोगों से कोरोना वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए कहा कि हम भी टीका लगवाएं. अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनाक्रोश को देखते हुए केंद्र सरकार ने आखिरकार कोरोना के टीके की राजनीतिकरण की जगह घोषणा की है कि वो टीके लगवाएगी. इसके आगे उन्होंने लिखा कि पहले हम भाजपा के टीके के ख़िलाफ़ थे. लेकिन भारत सरकार के टीके का स्वागत करते हुए हम भी टीका लगवाएंगे. उन्होंने कहा कि जो लोग टीके की कमी से टीका नहीं लगवा सके थे उनसे भी वह टीका लगवाने की अपील करते हैं. इससे पहले जनवरी महीने में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा था, मैं तो नहीं लगवाऊंगा टीका, मैंने अपनी बात कह दी. वह भी भाजपा लगाएगी, उसका भरोसा करूं मैं... अरे जाओ भई, अपनी सरकार आएगी तो सबको फ्री वैक्सीन लगेगी. हम भाजपा का टीका नहीं लगवा सकते हैं. बीजेपी ने इसके विरोध में अखिलेश यादव पर निशाना साधा था. भारतीय जनता पार्टी ने अखिलेश यादव के इस बयान को देश के डॉक्टरों और वैज्ञानिकों का अपमान बताया था.गौरतलब है कि सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में 18 से 44 साल के आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के लिए भी राज्यों को टीका मुफ्त में उपलब्ध कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि अगले दो सप्ताह में इससे जुड़े दिशानिर्देश तय कर लिए जाएंगे. बहरहाल, अखिलेश के यू-टर्न से बाकि समाजवादी क्या फैसला लेंगे, इसकी तस्वीर सामने आमा बाकी है.