Breaking News

चंद्रकांत पाटिल और 50 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोरोना सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मामला दर्ज

23 Mar, 2021 1549

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कोरोना महामारी के बीच महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और लगभग 50 पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ सोमवार को राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कोरोना सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है. देशमुख के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन रविवार को आयोजित किया गया और पाटिल ने इसका नेतृत्व किया था. यह मामला पुणे के विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है, जिसमें कोरोना के मानदंड और आईपीसी, आपदा प्रबंधन अधिनियम और मुंबई पुलिस अधिनियम प्रावधानों के तहत आदेशों का उल्लंघन किया गया था. मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह द्वारा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर गृह मंत्री अनिल देशमुख पर जबरन वसूली का रैकेट चलाने का आरोप लगाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था. सिंह ने आरोप लगाया कि देशमुख ने निलंबित असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर सचिन वाजे को हर महीने सौ करोड़ इकट्ठा करने के लिए कहा था. इससे पहले सिंह को मुंबई पुलिस आयुक्त के रूप में बाहर कर दिया गया था, ताकि वाजे से संबंधित मामले की बिना किसी बाधा के जांच किया जा सके. पत्र में सिंह, जो अब होमगार्ड के कमांडेंट जनरल के रूप में तैनात हैं, ने कहा था कि उन्हें गलत काम करने वालों से ध्यान हटाने के लिए बलि का बकरा बनाया गया है. भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 40,715 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,16,86,796 हो गई है. 199 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,60,166 हो गई है. देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 3,45,377 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,11,81,253 है. देश में कुल 4,84,94,594 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है. भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 23,54,13,233 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 9,67,459 सैंपल कल टेस्ट किए गए. बता दें कि महाराष्ट्र में बीजेपी की तरफ से उद्धव सरकार पर हमलों का दौर जारी है.

अन्य खबरे