Breaking News

चार राज्यों के चुनावी नतीजों का परिणाम एकतरफा होना अचंभित : मायावती

04 Dec, 2023 631

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के प्रति संदेह व्यक्त करते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) अध्यक्ष मायावती ने कहा कि एक पार्टी के पक्ष में आए चुनाव नतीजे जनता के गले के नीचे नहीं उतर रहे हैं। यह एक रहस्यमयी मामला है जिस पर गंभीर चिंतन की जरूरत है। सुश्री मायावती ने सोमवार को सिलसिलेवार ट्वीट (X) पर पार्टी कैडरों से निराश नही होने की अपील करते हुए लोकसभा चुनाव की तैयारी जोर शोर से करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि देश के चार राज्यों में अभी हाल ही में हुए विधानसभा आम चुनाव के आए परिणाम एक पार्टी के पक्ष में एकतरफा होने से सभी लोगों का शंकित, अचंभित व चिन्तित होना स्वाभाविक, क्योंकि चुनाव के पूरे माहौल को देखते हुए ऐसा विचित्र परिणाम लोगों के गले के नीचे उतर पाना बहुत मुश्किल। उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव के दौरान माहौल एकदम अलग और कांटे के संघर्ष जैसा दिलचस्प, किन्तु चुनाव परिणाम उससे बिल्कुल अलग होकर पूरी तरह से एकतरफा हो जाना, यह ऐसा रहस्यात्मक मामला है जिसपर गंभीर चिंतन और उसका समाधान जरूरी। लोगों की नब्ज पहचानने में भयंकर ’भूल-चूक’ चुनावी चर्चा का नया विषय। उन्होने कहा कि बीएसपी के सभी लोगों ने पूरे तन, मन, धन व दमदारी के साथ यह चुनाव लड़ा, जिससे माहौल में नई जान आई, किन्तु उन्हें ऐसे अजूबे परिणाम से निराश कतई भी नहीं होना है बल्कि परम पूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहना है।” मायावती ने कहा “ इस चुनावी परिणाम के संदर्भ में जमीनी रिपोर्ट लेकर आगे लोकसभा चुनाव की नए सिरे से तैयारी पर विचार-विमर्श के लिए पार्टी की ऑल इंडिया की बैठक आगामी दस दिसम्बर को लखनऊ में होगी। चुनाव परिणाम से विचलित हुए बिना अम्बेडकरवादी मूवमेंट आगे बढ़ने का हिम्मत कभी भी नहीं हारेगा। बता दें कि रविवार को आए चुनाव नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में अपनी सरकार को बचा रखने में सफलता हासिल की बल्कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस को परास्त करते हुए भगवा लहराया है। इसे भाजपा का जोश और बढ़ा है।

अन्य खबरे