Breaking News

दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे अमित शाह

05 Nov, 2020 708

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आगामी विधान सभा को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में ज़मीन मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है और इसी सिलसिले में गृहमंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय यात्रा पर पश्चिम बंगाल पहुँच गए हैं. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन वे बांकुरा पहुंचे. बांकुरा में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की. अमित शाह यहां भाजपा संगठन की बैठक में हिस्सा लेंगे. अमित शाह के कार्यक्रम के तहत वह भाजपा के एक आदिवासी कार्यकर्ता के घर भोजन भी करेंगे. गृहमंत्री का यह दौरा अगले साल बंगाल में होने वाले चुनाव की तैयारियों की शुरुआत माना जा रहा है. उन्होंने बांकुरा पहुंचकर कहा कि वह कल रात से बंगाल में हैं. वहां जहां भी गए, उनके साथ यहां की जनता का इसी प्रकार का उत्साह है. अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार की गरीब, दलितों तथा पिछड़े वर्गों को लाभ पहुंचाने वाली 80 से अधिक योजनाएं पश्चिम बंगाल में जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रही हैं. उन्होंने कहा कि यह समय बदलाव का है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है. अमित शाह ने कहा कि राज्य में ममता सरकार के खिलाफ भयंकर जन आक्रोश है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राज्य में एक आशा और श्रद्धा दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन मोदी जी के नेतृत्व में आ सकता है. राज्य में ममता सरकार के शासन में दमन हो रहा है. भाजपा कार्यकर्ताओं पर ममता सरकार ने दमन किया है. अमित शाह ने कहा कि निश्चित रूप से यह ममता सरकार का आखिरी समय है. आने वाले चुनाव में राज्य में भाजपा की सरकार दो तिहाई बहुमत से बनेगी. वह यहां की जनता की आंखों में बदलाव की उम्मीद देखते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ही बंगाल में बदलाव संभव है. अमित शाह ने लोगों से अपील की बंगाल को सीमावर्ती राज्यों तथा देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य में भाजपा की सरकार बनानी चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ही युवाओं को रोजगार दे सकती है. ममता सरकार के स्थान पर भाजपा सरकार बनाने के बाद हम फिर से 'सोनार बांग्ला' बनाएंगे. ऐसे में देखना होगा कि बंगाल के लोगों का भरोसा दीदी पर रहता है या बीजेपी पर. 

अन्य खबरे