नागरिकता संशोधन बिल पर विपक्ष ने की राष्ट्रपति से मुलाक़ात
संवाददाता/in24 न्यूज़।
नागरिकता संशोधन बिल के मुद्दे पर आज विपक्ष ने महामहिम राष्ट्रपति से मुलाक़ात की और मांग की कि इस बिल को निरस्त किया जाए. गौरतलब है कि जामिया मिलिया इस्लामिया यूनीवर्सिटी और नागरिकता संशोधन में हुई हिंसा मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने पहुंचीं। उनके साथ 12 दलों के नेता शामिल रहे. सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ ज्ञापन सौंपा. सोनिया गांधी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार जनता की आवाज दबा रही है. उत्तर पूर्व और असम में भारी तनाव के हालात पैदा हो गए हैं. रामगोपाल यादव ने कहा कि संसद में जो हमने चिंता जाहिर की थी वह सच साबित हुई है. उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून बनने से देश में गंभीर हालात पैदा हुए है. राष्ट्रपति सरकार से कानून वापस लेने को कहें. टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि इस कानून के लागू होने के बाद देश की स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही है. इस मौके पर सोनिया गांधी के साथ आरजेडी से मनोज झा, डी राजा गुलाम नवी आजाद आदि मौजूद रहे.