Breaking News

नीतीश मंत्रिमंडल में 17 मंत्रियों ने ली शपथ

09 Feb, 2021 879
संवाददाता/in24 न्यूज़.  

करीब पौने तीन महीने बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नेतृत्व में नई सरकार के गठन के कैबिनेट का विस्तार कर दिया गया। मंगलवार को कुल 17 मंत्रियों को राज्यपाल फागू चौहान ने शपथ दिलाई, जिसके बाद नीतीश सरकार में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 31 हो गई। आज मंगलवार को नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया। केंद्र में मंत्री रहे भाजपा के शाहनवाज हुसैन को उद्योग विभाग, नितिन नवीन को पथ निर्माण विभाग दिया गया है। विदित हो कि बिहार में एनडीए सरकार के गठन के बाद करीब पौने तीन महीने से कैबिनेट विस्‍तार लटका हुआ था। आज मंगलवार को बीजेपी के नौ तथा जेडीयू के आठ नए मंत्रियों ने शपथ ली। शाहनवाज हुसैन ने उर्दू तो संजय झा और आलोक रंजन झा ने मैथिली में शपथ ग्रहण किया। नीतीश कैबिनेट के सबसे कम उम्र के मंत्री बांका की अमरपुर सीट से 33 साल के जेडीयू विधायक जयंत राज बने हैं। कैबिनेट विस्तार में सबसे अधिक गोपालगंज जिला से तीन लोगों को मंत्रिमंडल में जगह मिली है तो एकमात्र महिला चेहरा लेसी सिंह हैं। मुस्लिम समुदाय की बात करें तो जेडीयू से जमां खान तो बीजेपी से शाहनवाज हुसैन मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं। मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारा भी हो चुका है. बता दें कि भाजपा कोटे से मंत्रियों कोविभागों का बंटवारा कर दिया गया है. शाहनवाज हुसैन – उद्योग, नितिन नवीन – पथ निर्माण विभाग, नारायण प्रसाद – पर्यटन विभाग, सुभाष सिंह – सहकारिता विभाग, नीरज सिंह बबलू – पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, प्रमोद कुमार – गन्‍ना उद्योग विभाग, सम्राट चौधरी – पंचायती राज विभाग, आलोक रंजन झा -कला संस्‍कृति एवं युवा विभाग तो जनक राम को खान एवं भूतत्‍व विभाग सौंपे गए हैं. जबकि जदयू कोटे से मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया है. लेसी सिंह- खाद्य एवं उपभोक्‍ता संरक्षण विभाग, सुमित सिंह – विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, संजय झा – जलसंसाधन, सूचना एवं जनसंपर्क सहकारिता, श्रवण कुमार – ग्रामीण विकास विभाग, मदन सहनी – समाज कल्‍याण विभाग, जयंत राज – ग्रामीण कार्य विभाग, जमां खान – अल्‍पसंख्‍यक विभाग और सुनील कुमार – मद्य निषेध, उत्‍पाद विभाग के मंत्री बनाए गए हैं.

अन्य खबरे