पटेल की 144वीं जयंती पर पीएम मोदी बोले- कश्मीर से 370 हटाकर उनका सपना किया पूरा
संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज देशभर में सरदार पटेल की जयंती मनाई जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के केवडिया स्थित 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' में सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि दी. देश आज पटेल की 144वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रहा है. इस अवसर पर एक संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि विविधता में एकता भारत की पहचान है. कुर्ता-पाजामा और नीली जैकेट पहने प्रधानमंत्री ने भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की 182 मीटर लंबी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाये. पीएम मोदी ने कहा कि मैं सरदार साहब को बताऊंगा कि आपका जो सपना था, वह दीवार टूट चुकी है और आपका सपना पूरा हो गया. सरदार पटेल ने एक बार कहा था कि अगर कश्मीर का मुद्दा उनके पास रहता, तो इसे सुलझाने में इतना समय नहीं लगता. आज उनकी जयंती पर मैं धारा 370 को हटाने का निर्णय सरदार साहब को समर्पित करता हूं.सरकार पटेल को रियासतों को भारत संघ में विलय करने का श्रेय दिया जाता है. प्रधानमंत्री मोदी ने पटेल को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और सैकड़ों स्कूली बच्चों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के कर्मियों, कलाकारों और दर्शकों को एकता की शपथ दिलाई. प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद प्रौद्योगिकी प्रदर्शन स्थल का दौरा करेंगे और केवडिया में सिविल सर्विस प्रोबेशनर्स के साथ बातचीत करेंगे. रविवार को प्रसारित अपने मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने लोगों को रन फॉर यूनिटी में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया था. गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अनुच्छेद 370 और 35 ए को समाप्त करके देश के बाकी हिस्सों के साथ जम्मू और कश्मीर को एकीकृत करने के पटेल के सपने को पूरा करने का श्रेय दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल अक्टूबर में अपनी 143 वीं जयंती के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का उद्घाटन किया था. प्रतिमा 20,000 वर्ग मीटर भूमि में फैली हुई है और 12 वर्ग किमी कृत्रिम झील से घिरी हुई है.