Breaking News

पवार की चाल से सियासी बिसात पर चित्त शिवसेना !

20 Nov, 2019 1109

महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर जारी उठापटक के बीच एक नई सियासत उबाल मारने लगी है नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार की मुलाकात से महाराष्ट्र की राजनीतिक सरगर्मी और भी तेज हो गई. दो शीर्ष नेताओं की मुलाकात के बाद सियासी हलकों में कई नए समीकरण की चर्चा तेज हो गई हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र में बीजेपी और एनसीपी की सरकार बन सकती है और इसके एवज में केंद्र सरकार में शरद पवार की पार्टी को तीन अहम मंत्रालय दिए जा सकते हैं. इतना ही नहीं चर्चा इस बात की भी है कि साल 2022 के लिए शरद पवार को राष्ट्रपति पद का ऑफर भी दिया जा सकता है. कुछ दिन पहले महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ शिवसेना सरकार बनाने की कवायद में जुटी थी हालांकि इसी बीच शरद पवार ने एक बड़ा बयान देकर सस्पेंस पैदा कर दिया. शरद पवार से जब पूछा गया कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात किस संदर्भ में हुई तो उन्होंने दो टूक कह दिया कि सोनिया गांधी से सरकार बनाने को लेकर उनकी कोई चर्चा नहीं हुई. इसके बाद जब पवार से पत्रकारों ने पूछा कि शिवसेना के साथ सरकार बनाने की क्या रणनीति है तो उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यह सवाल बीजेपी और शिवसेना से पूछो क्योंकि विधानसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र की जनता ने बीजेपी और शिवसेना को जनादेश दिया है और दोनो पार्टियों ने महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव मिलकर लड़ा था.  वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में एनसीपी के अनुशासन की तारीफ कर दी इसके बाद से ही सियासी हलकों में नए राजनीतिक समीकरण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई. अब पीएम मोदी और शरद पवार की मुलाकात के बाद इस बात की चर्चा जोरों पर है कि महाराष्ट्र में नया सियासी समीकरण बन सकता है और संभव है कि एनसीपी और बीजेपी मिलकर सरकार बना ले. अटकलों का बाजार इस बात को लेकर भी गर्म है एनसीपी के कुछ सांसदों ने सरकार बनाने के लिए शरद पवार से बीजेपी के साथ जाने की अपील की है. यह नेता इसके लिए अजीत पवार को मनाने में जुटे हुए हैं. चर्चाओं पर यदि गौर करें तो अगर एनसीपी सरकार बनाने के लिए बीजेपी से हाथ मिलाती है तो राज्य मंत्रिमंडल में तो उसे कई अहम पद मिलेंगे ही केंद्र में भी पार्टी को तीन अहम पद दिए जाएंगे. इतना ही नहीं वर्तमान राष्ट्रपति का कार्यकाल जुलाई 2022 तक खत्म हो रहा है इसके बाद बीजेपी की तरफ से शरद पवार का नाम राष्ट्रपति के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है. इन सबके बीच शिवसेना के सांसद संजय राउत ने एक बार फिर यह दावा किया कि महाराष्ट्र में शिवसेना की ही सरकार बनेगी. उन्होंने शरद पवार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात को लेकर जारी अटकलों पर भी विराम लगाने की कोशिश की. संजय राउत ने दो टूक कह दिया कि पार्टी के भीतर एनसीपी से गठबंधन को लेकर कोई हिचक नहीं है.

अन्य खबरे