Breaking News

पश्चिम बंगाल को दीदी के कब्ज़े से मुक्त करना है : मोदी

07 Apr, 2019 1169

संवाददाता/in24 न्यूज़.
लोकसभा चुनावों के मद्दे नज़र हर पार्टी ज़ोर-शोर से चुनाव प्रचार में लगी हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार देश के अलग-अलग हिस्सों में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं. इसी कड़ी में उन्होंने पश्चिम बंगाल में रैली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल को अब दीदी (ममता) के कब्ज़े से मुक्त करना है. गौरतलब है कि पीएम मोदी ने कूचबिहार में रैली को संबोधित करते हुए सीएम ममता बनर्जी पर जमकर हमला किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रैली में आने से रोकने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने पूरी कोशिश की. रैली मैदान में टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा बनाया गया ये मंच उनके विनाश का स्मारक है. रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की स्पीड ब्रेकर दीदी आजकल चैन से सो नहीं रही है. आजकल उनपर गालियों की बौछार हो रही है. अब पश्चिम बंगाल को दीदी के कब्जे से मुक्त कराना है. उन्होंने कहा कि आप जितना मोदी-मोदी करते हैं, दीदी की बेचैनी उतनी ही बढ़ती जा रही है. पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति में जमीन खिसकना क्या होता है, अगर किसी को समझना हो, तो दीदी की बौखलाहट, दीदी का गुस्सा, देखकर समझ सकता है. मुझे पर आजकल गालियों की जो बौछार हो रही है, चुनाव आयोग पर वो जिस तरह भड़क रही हैं, उससे भी पता चलता है कि दीदी कितनी डरी हुई हैं. उन्होंने कहा कि आज इस चौकीदार पर देश को इसलिए इतना विश्वास हुआ है, क्योंकि लोगों को लगने लगा है कि नामुमकिन भी अब मुमकिन है. गरीब से गरीब के पास भी अपना बैंक खाता, अपना रुपे डेबिट कार्ड होगा, ये कभी नामुमकिन लगता था, लेकिन अब मुमकिन है.  

अन्य खबरे