Breaking News

पश्चिम बंगाल में उपचुनाव की तारीखों का एलान

04 Sep, 2021 762

संवाददाता/in24 न्यूज़।
पश्चिम बंगाल में एकबार फिर चुनावी माहौल बनने जा रहा है। शनिवार को चुनाव आयोग ने आखिरकार बंगाल में बहुप्रतीक्षित उपचुनाव की तारीखों का एलान कर दिया। चुनाव आयोग के इस एलान के साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कुर्सी पर मंडरा रहा खतरा भी एक तरह से टल गया है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने बंगाल में होने वाले उचुनाव की तारीखों का एलान करते हुए कहा है कि कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट पर 30 सितंबर को उपचुनाव होंगे।  हालांकि ममता बनर्जी इसी सीट से चुनाव लड़ने वाली हैं। भवानीपुर के साथ ही मुर्शिदाबाद जिले में शमशेरगंज और जंगीपुर सीट पर भी उसी दिन चुनाव होंगे। वोटों की गिनती तीन अक्टूबर को होगी। बंगाल में हालांकि सात सीटों पर उपचुनाव होने हैं, लेकिन आयोग ने फिलहाल तीन सीटों पर ही चुनाव का एलान किया है। इधर, चुनाव आयोग की इस घोषणा से खासकर ममता बनर्जी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने बड़ी राहत की सांस ली है। गौरतलब है कि उपचुनाव में देरी से ममता बनर्जी की कुर्सी पर मंडराते खतरे की वजह से टीएमसी बार-बार चुनाव आयोग से जल्द उपचुनाव की मांग कर रही थी। बता दें कि उपचुनाव खासकर ममता बनर्जी के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। ममता मार्च-अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से करीबी मुकाबले में हार गईं थीं। ऐसे में मुख्यमंत्री बने रहने के लिए ममता को 5 नवंबर से पहले विधानसभा का सदस्य बनना जरूरी है। इसीलिए अब तक उपचुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं होने से ममता और उनकी पार्टी बेचैन थी पर अब बेचैनी खत्म हो गई है।

अन्य खबरे