पश्चिम बंगाल में हिंसक तांडव
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान पश्चिम बंगाल में हिंसा का जबरदस्त तांडव देखने को मिला।गौरतलब है कि सातवें और अंतिम चरण के मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाएं देखि गई, जबकि कई जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें आयी. मथुरापुर लोकसभा सीट के अंतर्गत रायडीह विधानसभा सीट और बारासात लोकसभा सीट के तहत देगंगा विधानसभा क्षेत्र में हिंसा की खबरें आयी. इन दोनों जगहों पर शनिवार रात और रविवार की सुबह बम फेंके गए थे. यहां स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई थी. बारासात लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले न्यूटाउन में दो प्लास्टिक कंटेनर में कच्चे बम पाए गए थे.बम निरोधक दस्ते के कर्मचारी इन बमों को फैलाने की कोशिश कर रहे थे. डायमंड हार्बर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार नीलांजन रे की गाड़ी पर हमला किया गया. रॉय ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे टीएमसी समर्थक थे. डायमंड हार्बर से माकपा के उम्मीदवार फवाद हलीम ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर मतदान एजेंटों को बूथों से बाहर निकाला गया. डायमंड हार्बर एक प्रतिष्ठित सीट है जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. जादवपुर लोकसभा सीट पर भाजपा के उम्मीदवार अनुपम हाजरा को एक मतदान केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा. हाजरा ने आरोप लगाया कि प्रॉक्सी वोटिंग हो रही थी और जब उन्होंने विरोध किया तो महिलाओं के एक समूह ने उन्हें घेर लिया. कोलकाता नॉर्थ सीपीआई (एम) की उम्मीदवार कोनिका घोष ने बेलगछिया में सड़क पर बैठकर विरोध जताया कि उनकी पार्टी के पोलिंग एजेंट को बाहर कर दिया गया. घोष ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के तीन एजेंटों की पिटाई की गई और उन्हें मतदान केंद्रों से बाहर कर दिया गया.