पिनराई विजयन ने दूसरी बार ली केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ
संवाददाता/in24 न्यूज़.
केरल के दुबारा मुख्यमंत्री बनने का अवसर एकबार फिर पिनराई विजयन को मिला है। बता दें कि माकपा नेता पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने यहां सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित समारोह में 76 वर्षीय विजयन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पिनराई के साथ 21 कैबिनेट के सदस्यों ने भी मंत्रीपद की शपथ ली। समारोह में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया था। विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ के नेता कोविड-19 की वजह से समारोह में शामिल नहीं हुए। नए मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री को छोड़कर पुराने चेहरों में केवल जेडीएस नेता के. कृष्णनकुट्टी और एनसीपी नेता ए के शशींद्रन शामिल हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन में प्रमुख साझेदार माकपा और भाकपा ने इस बार पिछली सरकार के किसी भी मंत्री को बरकरार नहीं रखने का फैसला किया है। गौरतलब है कि 6 अप्रैल को केरल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद दो मई को आए नतीजों में एलडीएफ को जीत मिली थी। एलडीएफ ने केरल में अपने प्रतिद्वंद्वियों-कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) और एनडीए को हराकर 99 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी है, जबकि यूडीएफ केवल 41 सीटों पर जीत हासिल कर सकी। बीजेपी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो सकी। बता दें कि माकपा ने अबतक अपनी पकड़ बनाए रखी है।