पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रम्प को फ़ोन कर साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अमेरिका और भारत के संबंध को देखते हुए पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रम्प को फ़ोन कर साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई है. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बातचीत कर पारस्परिक हित के सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए उनके साथ काम करने की इच्छा जाहिर की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से मंगलवार को यह जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति से उस वक्त बात की है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव युद्ध की स्थिति में पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दोहराया कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा। ट्रंप ने ट्वीट किया कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा। उनका यह ट्वीट तब आया जब एक दिन पहले ईरान ने घोषणा की कि वह उस निगरानी को और सीमित करने जा रहा है जो अंतरराष्ट्रीय समझौते के तहत यह सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है कि तेहरान असैन्य परमाणु उद्योग की आड़ में कोई परमाणु हथियार विकसित न करे। ट्रंप ने 2015 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में ईरान के साथ हुए समझौते से अमेरिका को अलग कर दिया था।