प्रियंका ने मध्यप्रदेश में की चुनाव अभियान की शुरुआत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
चुनावी अभियान का शंखनाद करते हुए मध्यप्रदेश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने आज बिना किसी का नाम लिए कहा कि प्रदेश ने 18 साल में सब कुछ देख लिया, अब छह महीने का समय है, इसमें यहां के लोग देखें कि दूसरे राज्यों में कांग्रेस की सरकारें कैसा काम कर रही हैं। प्रियंका वाड्रा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे यहां कोई चुनाव प्रचार करने नहीं, बल्कि लोगों को जागरुक करने आई हैं कि जो चीजें कांग्रेस पार्टी देख पा रही है, वो सभी लोग देखें और नेताओं को सच बोलने के लिए मजबूर करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों ने राष्ट्र निर्माण के लिए खून दिया है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि निर्माण करना बहुत कठिन है, जबकि सत्ता को भोगना बहुत आसान है। उन्होंने कहा कि ये सच्चाई जनता को देखनी चाहिए और इसीलिए वे जागरुकता फैलाने आई हैं। प्रियंका ने कहा कि निर्माण की बुनियाद पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने की। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हरित क्रांति लेकर आईं, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश को आधुनिक बनाने में अहम भूमिका निभाई और इसी क्रम को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने बेहतर कार्यों से आगे बढ़ाया। इसके पहले श्रीमती वाड्रा ने जबलपुर स्थित ग्वारी घाट पर मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना और नर्मदा आरती भी की। इस दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी उपस्थित रहे। बता दें कि विधान सभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने कमर कस ली है।