Breaking News

बाबा साहेब को पूर्व सरकार ने उतना सम्मान नहीं दिया जितना हमने दिया :पीएम मोदी

04 Apr, 2018 1473
 
 
संवाददाता/in24 न्यूज़ 

बाबा साहेब आंबेडकर पर अब खुलकर राजनीति शुरू हो चुकी है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने बाबा साहब का सम्मान बढ़ाने का जितना कार्य किया, उतना किसी दूसरी सरकार ने नहीं किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बाबा साहब की याद में अनेक परियोजनाओं को पूरा करके हमारी सरकार ने उन्हें उचित स्थान दिलाया।

उन्होंने कहा कि 26 अलीपुर रोड स्थित जिस मकान में बाबा साहब ने अंतिम सांस ली थी, उसे अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। सांसदों के हॉस्टल से जुड़े वेस्टर्न कोर्ट एनेक्सी भवन के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा कि लोगों ने अंबेडकर के नाम का राजनीतिक फायदे के लिये इस्तेमाल किया।

उन्होंने बताया कि बीजेपी सरकार ने आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र को पूरा किया जिसका विचार उस समय किया गया था जब केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी। मोदी ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार ने कई वर्षों तक इस परियोजना को नहीं आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब एससी-एसटी अत्याचार कानून पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर भारत बंद के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। 

 

अन्य खबरे