बीजेपी-शिवसेना के ख़िलाफ़ राज ठाकरे की धुंआधार सभाएं
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने ठान लिया है कि महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना को सत्ता में आने से रोकें. लोकसभा चुनाव 2014 से पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने एक सप्ताह के लिए गुजरात में राजकीय अतिथि का लुत्फ उठाया था। अब वही राज ठाकरे पीएम मोदी के सबसे कट्टर दुश्मन बन चुके हैं। राजनीति संभावनाओं का खेल है और ठाकरे आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राज्य की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने की तैयारी में हैं। विधानसभा चुनाव पर नजरें गड़ाए हुए राज ठाकरे लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के स्टार प्रचारक बने हुए हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने एक भी लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारने का फ़ैसला कर रखा है। लेकिन पूरे महाराष्ट्र में मोदी-बीजेपी को हराने के लिए उनकी जनसभाएं हो रही हैं।