महाराष्ट्र में राज्यपाल से अलग-अलग मिले फड़णवीस और शिवसेना
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर बीजेपी और शिवसेना की अपनी तयारी चल रही है. इसी सिलसिले में एक तरफ शिवसेना नेता तो दूसरी तरफ देवेंद्र फड़नवीस राज्यपाल भगत सिंह केश्यारी से मुलाक़ात कर रहे हैं. गौरतलब है कि महाराष्ट्र में अभी भी बीजेपी और शिवसेना के बीच 50-50 फॉर्मूले को लेकर बातचीत अटकी हुई है. इस बीच आज यानी सोमवार को सीएम देवेंद्र फडणवीस राज्यपाल भगत सिंह केश्यारी से मुलाकात करेंगे और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को राज्यपाल के सामने रखेंगे. इसके अलावा राज्यपाल भगत सिंह केश्यारी सोमवार को शिवसेना के विधायक और राज्य में परिवहन मंत्री दिवाकर रावते से भी अलग से मुलाकात करेंगे. वहीं दूसरी तरफ बताया ये भी जा रहा है कि विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद फडणवीस रकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं. आपको बता दें कि भाजपा को 2014 की तुलना में इस चुनाव में 17 सीटों का नुकसान हुआ है और उसकी सीटों की संख्या 122 (वर्ष 2014) से घट कर 105 पर आ गयी है. वहीं शिवसेना की सीटों की संख्या भी 2014 में 63 की तुलना में घट कर 56 पर आ गयी हैं. इधर, शोले फिल्म में रहीम चाचा के डायलॉग "इतना सन्नाटा क्यों है भाई? का इस्तेमाल करते हुए महाराष्ट्र में भाजपा की गठबंधन सहयोगी शिवसेना ने देश में आर्थिक सुस्ती को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा. शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में लिखा है, "इतना सन्नाटा क्यों है भाई?" इस डायलॉग के माध्यम से पार्टी ने देश और महाराष्ट्र में छायी आर्थिक सुस्ती को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. शोले फिल्म में यह डायलॉग रहीम चाचा (एके हंगल) का है जब गब्बर सिंह (अमजद खान) बाहर नौकरी के लिए जा रहे उनके बेटे की हत्या कर उसकी लाश एक घोड़े पर रखकर गांव में भेजता है. उस दौरान सभी गांव वाले एकदम चुप हैं और दृष्टिबाधित खान चाचा सबसे सवाल करते हैं "इतना सन्नाटा क्यों है भाई?" शिवसेना ने इस डायलॉग के माध्यम से देश में आर्थिक सुस्ती और त्योहारों के मौके पर बाजारों से गायब रौनक के लिए सरकार के नोटबंदी और गलत तरीके से माल एवं सेवा कर (जीएसटी) को लागू करने को जिम्मेदार बताया है.