मोदी के मुरीद हुए जा रहे हैं कांग्रेसी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कुछ समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी भी इनके मुरीद होते जा रहे हैं. मगर कांग्रेस में जिस तरह मोदी के प्रति नेताओं का नजरिया बदल रहा है और उनके सुर विरोध के बदले समर्थन में निकलने लगे हैं ऐसे में यही कहा जा सकता है कि मोदी के मुरीद हुए जा रहे हैं कांग्रेसी। गौरतलब है कि अभिषेक मनु सिंघवी और जयराम रमेश के बाद अब शशि थरूर भी पीएम मोदी का गुणगान गाने लगे हैं. दरअसल, शशि थरूर ने अपनी पार्टी के नेताओं अभिषेक मनु सिंघवी और जयराम रमेश के उस तर्क का समर्थन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुरा कहना गलत है. थरूर ने एक ट्वीट कर लिखा कि मैं छह साल से दलील दे रहा हूं कि यदि नरेंद्र मोदी कोई सही काम करते हैं या सही बात कहते हैं तब उनकी सराहना की जानी चाहिए. जब वह कुछ गलत करें और हम उनकी आलोचना करें तब उसकी विश्वसनीयता रहे. मैं विपक्ष के अन्य लोगों की इस राय पर सहमति के लिए स्वागत करता हूं, जिसके लिए मेरी उस समय आलोचना की गई थी. इससे पहले जयराम रमेश ने गुरुवार को एक किताब लॉन्च के मौके पर कहा था कि अब वक्त आ गया है कि हम 2014 से 2019 के बीच प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए काम को समझें, जिसकी वजह से वह मतदाताओं के 30 प्रतिशत से अधिक वोट से वापस सत्ता में लौटें. जयराम रमेश ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसी भाषा में बात करते हैं, जिससे लोग उनसे जुड़ते हैं. हम जब तक यह नहीं मान लेते हैं कि वह ऐसा काम कर रहे हैं, जनता जिन्हें सराह रही है. जिन्हें पहले नहीं किया गया है, तब तक हम उनका सामना कर पाने में असमर्थ रहेंगे.