Breaking News

राहुल गांधी होंगे 2024 में प्रधानमंत्री पद का चेहरा : कमलनाथ

31 Dec, 2022 767

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का चेहरा ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री पद का चेहरा भी होंगे।कहना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamal Nath) का। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना की है। उनका यह इंटरव्यू ऐसे समय में सामने आया है, जब एक दिन पहले ही सलमान खुर्शीद ने कहा था कि उनका नेता गांधी परिवार है। इस पर भाजपा ने कांग्रेस को घेर लिया था। शुक्रवार को कमलनाथ ने ई-मेल से दिए साक्षात्कार में कहा कि राहुल गांधी सत्ता की नहीं, बल्कि जनता की राजनीति करते हैं और ऐसे नेता को देश के लोग खुद-ब-खुद सिंहासन पर बैठा देते हैं। एक सवाल के जवाब में कमलनाथ ने कहा कि जहां तक 2024 के चुनाव का सवाल है, तो राहुल गांधी जी विपक्ष का चेहरा ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का चेहरा भी होंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया के इतिहास में 3500 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा किसी व्यक्ति ने नहीं की है। भारत के लिए इतनी शहादत किसी परिवार ने नहीं दी है, जितनी गांधी परिवार ने दी है। हाल ही के दिनों में यह पहली बार है, जब कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता ने यह कहा है कि अगले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद का चेहरा होंगे। बता दें कि इस मामले में अबतक कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अन्य खबरे