रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ मनीष सिसोदिया का ओएसडी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोसिया चुनाव के ठीक पहले विवादों में घिर गए हैं, क्योंकि उनका ओएसडी रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है. दरअसल, केंद्रीय जांच ब्यूरो ने दिल्ली सरकार में तैनात अधिकारी गोपाल कृष्ण माधव को दो लाख की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है. जिस अधिकारी को गिरफ्तार किया है उसे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का ओएसडी बताया जा रहा है. सीबीआई सूत्रों के मुताबिक जीके माधव यह रिश्वत टैक्स से संबंधित एक मामले में ले रहे थे. बता दें कि गोपाल कृष्ण माधव को गुरुवार देर रात एक ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया, जब वह जीएसटी के एक मामले में 2 लाख रुपये से ज्यादा रिश्वत ले रहे थे. अधिकारियों ने बताया कि माधव को गिरफ्तार करने के तुरंत बाद सीबीआई हेडक्वॉर्टर ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. सूत्रों ने बताया कि गोपाल कृष्ण माधव नाम का ये शख्स दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के कार्यालय में बतौर ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी यानि ओएसडी के तौर पर भी तैनात था. उसकी तैनाती साल 2015 में वहां की गई थी. हालांकि सूत्रों ने बताया कि अब तक की जांच में सिसोदिया का कोई रोल इस मामले में सामने नहीं आया है.