सीएम फड़नवीस ने बनाई जीत की हैट्रिक
संवाददाता/in24 न्यूज़।
महाराष्ट्र के युवा मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने जहां विकास को नया आयाम दिया वहीं नागपुर से जीतकर हैट्रिक बना दी. गौरतलब है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने गुरुवार को नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी कांग्रेस के आशीष देशमुख को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी. भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी फडनवीस ने इस सीट से लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक बनायी. विधानसभा चुनाव में जीतने वाले अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस के डॉ नितिन राउत हैं जिन्होंने उत्तरी नागपुर सीट पर भाजपा के प्रत्याशी डॉ मिंलिंद माने को हराया. कांग्रेस ने भाजपा से यह सीट छीनी है जिसने 2014 का चुनाव जीता था. कांग्रेस नगर इकाई के अध्यक्ष विकास ठाकरे ने नागपुर पश्चिम सीट पर भाजपा के सुधाकर देशमुख को 6400 मतों के अंतर से शिकस्त दी. इसी प्रकार कांग्रेस के मौजूदा विधायक सुनील केदार साओनर सीट से भाजपा के डॉ. पोतदार को 20365 मतों के अंतर से हराया. केदार ने अपनी सीट बरकरार रखी. भाजपा के कृष्णा खोपड़े ने नागपुर पूर्वी सीट पर कांग्रेस के पुरुषोत्तम हजारे को भारी मतों के अंतर से हराया. खोपड़े ने इस जीत के साथ हैट्रिक बनायी. भाजपा के समीर मेघे ने विदर्भ क्षेत्र के हिंगना सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विजय घोडमारे को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी. भंडारा जिले के सकोली सीट पर कांग्रेस के नाना पटोले ने भाजपा के प्रणय फुके को 12000 मतों के अंतर से पराजित किया. राकांपा के वरिष्ठ नेता अनिल देशमुख ने अपने गढ़ कटोल निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने में सफल रहे. वर्ष 2014 के चुनाव में वह अपने भतीजे डॉ आशीष देशमुख से चुनाव हार गये थे. बहरहाल नागपुर से तीसरी बार विजयी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवेंद्र फड़नवीस को बधाई दी है.