ख़ट्टर सीएम और दुष्यंत चौटाला डिप्टी सीएम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हरियाणा में मनोहरलाल खट्टर की सरकार का रास्ता साफ़ हो ही गया. गौरतलब है कि मनोहर लाल खट्टर आज दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. वहीं जननायक जनता पार्टी सुप्रीमा दुष्यंत चौटाला राज्य के उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. शनिवार को हुई बीजेपी और जेजीपी की विधायक दल की बैठक में मनोहर लाल खट्टर को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया. उसके बाद मनोहर लाल और दुष्यंत चौटाला ने राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को सरकार बनाने का प्रस्ताव सौंपा, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया. शपथ ग्रहण समारोह आज यानी रविवार को चंडीगढ़ स्थित राज भवन में आयोजित किया जाएगा. प्रदेश के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री को पद की गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. शपथ ग्रहण समारोह में दुष्यंत चौटाला की मां नैना चौटाला भी मौजूद रहेंगी. इसके साथ ही दुष्यंत के पिता अजय चौटाला भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत कर सकते हैं. दुष्यंत के पिता को शनिवार को ही तिहाड़ जेल से 14 दिन की फरलो मिली है. इनके अलावा शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी और जेजेपी के सभी विधायक और छह निर्दलीय विधायक भी मौजूद रहेंगे.