Breaking News

पेरिस ओलंपिक 2024: बैडमिंटन स्टार पी. वी सिंधु की धमाकेदार शुरुवात

28 Jul, 2024 587

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने शानदार शुरुवात करते हुए अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पीवी सिंधु ने अपने पहले मैच में मालदीव की फथीमथ नब्बाह अब्दुल रज्जाक को बड़ी आसानी से हार दिया। लगातार दो ओलंपिक मेडल जीत चुकी भारतीय सुपरस्टार का इरादा इस बार तीसरा मेडल जीतकर इतिहास रचने का है। सिंधु ने पहला गेम 21-9 और दूसरा गेम 21-6 से जीता। इसके साथ ही सिंधु ने महज 27 मिनट में ही मैच खत्म कर दिया। 

पीवी सिंधु ने मालदीव के अब्दुल रज्जाक के खिलाफ अपना पहला मैच आसानी से जीत लिया। पहला गेम महज 13 मिनट में 21-9 से जीत लिया गया जबकि दूसरा गेम 14 मिनट में खत्म हो गया। पीवी सिंधु ने दूसरा गेम 21-6 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। सिंधु का अब अगले दौर में 31 जुलाई को एस्टोनिया की क्रिस्टिन कुबा से मुकाबला होगा। अगर सिंधु यह मैच जीत जाती हैं तो प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएंगी।

पीवी सिंधु एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और वह ओलंपिक में भारत के लिए 2 मेडल जीत चुकी हैं। अब पेरिस ओलंपिक 2024 में वह अपने देश के लिए तीसरा मेडल जीतने के इरादे से उतरी हैं। यदि वह इस बार मेडल जीतने में कामयाब होती हैं, तो वह इतिहास रच देंगी। पेरिस ओलंपिक में पीवी सिंधु को एम ग्रुप में रखा गया है। उनके साथ ग्रुप में फातिमा नबाहा अब्दुल रज्जाक ओर क्रिस्टी क्यूबा शामिल हैं। पीवी सिंधु ने रियो ओलंपिक में रजत पदक और टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता है। अगर पीवी सिंधु पेरिस ओलंपिक में पदक जीतती हैं तो वह पदकों की हैट्रिक पूरी करने वाली पहली भारतीय एथलीट बन जाएगी।

अन्य खबरे