Breaking News

पाकिस्तान में शिक्षकों पर लगी मनचाही ड्रेस की पाबंदी

09 Sep, 2021 989

संवाददाता/in24 न्यूज़।
पाकिस्तान में अब शिक्षकों पर मनचाही ड्रेस पहनने पर पाबंदी लगाईं गई है। बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार बनने के बाद इसका असर पाकिस्तान में भी नजर आने लगा है। इमरान खान सरकार ने शिक्षकों के लिए एक खास ड्रेस कोड बनाया है। महिला शिक्षकों के टाइट कपड़े महनने पर रोक लगा दी गई है। वहीं पुरुष शिक्षक भी जींस और टी-शर्ट नहीं पहन सकेंगे। केंद्रीय शिक्षा संस्थानों के टीचर्स के लिए एक फरमान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि फेडरल डायरेक्टोरेट एजुकेशन के तहत आने वाले किसी भी स्कूल, कॉलेज या यूनिवर्सिटी के टीचर्स जीन्स, टीशर्ट्स या टाइट्स नहीं पहन सकेंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशक ने सोमवार को स्कूल और कॉलेजों के प्राचार्यों को एक पत्र भेजा है। पत्र में प्राचार्यों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि प्रत्येक स्टाफ अपना पहनावा सही करे जिससे कि समाज में एक अच्छा संदेश जाए। पत्र में नियमित बाल कटवाने, दाढ़ी ट्रिमिंग, नाखून काटने, शॉवर और इत्र के उपयोग जैसे अच्छे उपायों के बारे में भी कहा गया है। पाकिस्तान शिक्षा विभाग का कहना है कि हमने रिसर्च के दौरान यह पाया है कि पहनावे का असर लोगों के विचार पर उससे कहीं ज्यादा होता है, जितना  समझा जाता है। पहला प्रभाव तो छात्रों के व्यक्तित्व पर ही होता है। हमने यह तय किया है कि महिला शिक्षक अब से जींस या टाइट्स नहीं पहन सकेंगी। पुरुष शिक्षकों के भी जींस और टी-शर्ट पहनने पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जा रही है। उन्हें क्लास रूम और लैब्स में टीचिंग गाउन्स या कोट्स पहनना जरूरी होगा। वहीं पाकिस्तान के न्यूज चैनलों पर शिक्षा विभाग के इस फरमान के खिलाफ विरोध की आवाजें उठने लगी हैं। कुछ लोगों का कहना है कि जिस मुल्क का प्रधानमंत्री ही यौन शोषण के लिए महिलाओं के लिबास को दोष देता हो, वहां तो इस तरह के फरमान जारी होने ही थे। लेकिन, उन्हें यह बताना चाहिए कि तीन साल की बच्चियों के साथ होने वाले रेप और मर्डर के लिए कौन से नियम लागू होते हैं।

अन्य खबरे