Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका-ईरान शांति समझौते का किया स्वागत

15 Jun, 2026 80

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का स्वागत किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का स्वागत करता हूं। इस संघर्ष ने दुनिया भर में गंभीर आर्थिक व्यवधान पैदा किए हैं और कई देशों में बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान हुआ है।

प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि नया समझौता क्षेत्र में शांति लाएगा। उन्होंने कहा, यदि प्रभावी ढंग से लागू किया गया, तो यह समझौता पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करेगा। इससे समुद्री यातायात और वैश्विक व्यापार में निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। मोदी ने आगे कहा कि शेष मुद्दों पर अमेरिका और ईरान के बीच सकारात्मक बातचीत जारी रहेगी और उम्मीद है कि अंततः एक व्यापक और दीर्घकालिक समझौता हो जाएगा।

इस बीच, रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर समझौते की घोषणा की। ट्रम्प ने पोस्ट में कहा, ईरान के साथ समझौता हो गया है। सभी को बधाई! ट्रम्प ने होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की भी घोषणा की। उन्होंने लिखा, "दुनिया के जहाज, अपने इंजन चालू करो। तेल का प्रवाह फिर से शुरू होने दो। ईरान ने भी समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की सूचना दी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने महीनों के संघर्ष के बाद इस समझौते को एक बड़ी सफलता बताया। इस संघर्ष का वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर गहरा प्रभाव पड़ा और इससे एक व्यापक क्षेत्रीय युद्ध की आशंकाएं बढ़ गईं।

एक अन्य पोस्ट में, ट्रंप ने इस समझौते को ऐतिहासिक सफलता बताते हुए कहा, यह महत्वपूर्ण समझौता पूरे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा लाएगा। कई राष्ट्रपतियों ने ईरान के साथ शांति स्थापित करने की कोशिश की है, लेकिन वे असफल रहे हैं। अब इस क्षेत्र के नेताओं को वास्तविक शांति स्थापित करने वाला नेतृत्व मिला है। समझौते पर हस्ताक्षर होते ही समुद्री मार्गों पर लगी नाकाबंदी हट जाएगी और तेल की आपूर्ति फिर से शुरू हो जाएगी।

अन्य खबरे