Breaking News

पुतिन ने की ईरान-इज़राइल के बीच मध्यस्थता की पेशकश, शांति वार्ता को तैयार रूस

19 Jun, 2025 185

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान और इज़राइल के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने बुधवार को कहा कि रूस इस विवाद में मध्यस्थता करने को तैयार है और ऐसा समाधान निकालना चाहता है जिससे ईरान शांतिपूर्वक अपना परमाणु कार्यक्रम जारी रख सके, वहीं इज़राइल की सुरक्षा चिंताओं का भी समाधान हो सके।

सभी पक्षों को भेजा प्रस्ताव

पुतिन ने बताया कि यह प्रस्ताव ईरान, इज़राइल और अमेरिका – तीनों को भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूस किसी पर कोई समाधान थोपना नहीं चाहता, बल्कि केवल बातचीत की एक दिशा सुझा रहा है। अंतिम निर्णय इन देशों के नेताओं को ही लेना है।

शांति की ओर कदम

सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम के दौरान मीडिया से बात करते हुए पुतिन ने उम्मीद जताई कि यह संवेदनशील मुद्दा बातचीत और शांतिपूर्ण प्रयासों से हल हो सकता है। उन्होंने कहा, "हम केवल संवाद के लिए एक मंच तैयार करना चाहते हैं, जिससे स्थायी समाधान की दिशा में बढ़ा जा सके।"यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं, और पुतिन की यह पहल क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

अन्य खबरे