सऊदी अरब के मदीना बस हादसा, 45 भारतीय यात्रियों की मौत
सऊदी अरब के मदीना के पास एक भीषण हादसा हुआ है, जिसमें 42 भारतीयों के मारे जाने की आशंका है। उमराह यात्रियों से भरी एक बस के डीजल टैंकर से टकरा जाने से कम से कम 45 लोग जलकर मर गए। मृतकों में से कई हैदराबाद के बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और बस में सवार यात्रियों की भी जलने से मौत हो गई।
खबरों के मुताबिक, सभी 45 लोग भारत के हैदराबाद के रहने वाले थे। हादसे में केवल एक व्यक्ति ही बचा है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे मुफरीहाट इलाके में हुआ। हादसे के शिकार लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टैंकर से टकराने वाली बस में सवार 45 यात्रियों में 20 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल थे। ये सभी तीर्थयात्री मक्का में उमराह की रस्में पूरी कर चुके थे और आगे की रस्मों के लिए मदीना जा रहे थे।
सऊदी अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की सही संख्या की पुष्टि नहीं की है। जीवित बचे व्यक्ति की स्थिति अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि आपातकालीन टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन हाई अलर्ट पर है। भारतीय दूतावास भी जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। हज और उमराह मंत्रालय और एक ट्रैवल एजेंसी ने दुर्घटना की पुष्टि की है।
तेलंगाना सरकार ने कहा है कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में है। एक आधिकारिक बयान में, राज्य सरकार ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नई दिल्ली स्थित अधिकारियों को सूचित कर दिया है। उन्होंने दूतावास के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने का भी निर्देश दिया है। हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मक्का से मदीना जा रही एक बस में आग लग गई, जिसमें 45 हज यात्री सवार थे। उन्होंने इस भीषण दुर्घटना के बाद केंद्र से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।