अटारी बॉर्डर पर हेरोइन की बड़ी खेप बरामद
संवाददाता/in24 न्यूज़.
ड्रग्स के खिलाफ बड़ी-बड़ी बातों के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा के अटारी बॉर्डर पर हेरोइन की बड़ी खेप मिली है। जानकारी के अनुसार इस खेप को पकड़ने में कस्टम विभाग के स्निफर डॉग ने मदद की। बीएसएफ ने खेप को जब्त करने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया है। फिलहाल यह खेप बॉर्डर के अंदर कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। पकड़ी गई खेप की इंटरनेशनल मार्केट में कीमत 3.15 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। जानकारी है कि कस्टम विभाग का स्निफर डॉग आईसीपी पर रुटीन चैकिंग पर था। इसी दौरान उसे एक काला पैकेट मिला और वह उसे सूंघने के बाद अपने हैंडलर की तरफ देख भौंकने लगा। इसकी जानकारी सीनियर अधिकारियों और बीएसएफ को दी गई। बीएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंच जांच की। पैकेट में सफेद रंग की संदिग्ध वस्तु थी। सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया तो वह सफेद चीज हेरोइन थी। हेरोइन का कुल भार 630 ग्राम आंका गया है, जिसका अंतर्राष्ट्रीय मूल्य 3.15 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। जानकारी मिलते ही बीएसएफ और पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बॉर्डर के आसपास तलाशी अभियान भी चलाया गया है, लेकिन अभी तक कोई और संदिग्ध चीज नहीं मिली है। बहरहाल सबसे बड़ा सवाल कि इस गोरखधंधे के पीछे कौन लोग हैं!